डीएनबी भारत डेस्क
दलसिंहसराय अनुमंडल के उजियारपुर थाना क्षेत्र स्थित नाजिरपुर गांव में सोमवार, 2 मार्च को सुबह करीब 10 बजे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान नाजिरपुर निवासी अंकेश साह की 20 वर्षीय पत्नी मोनी कुमारी के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर मायके वालों ने उजियारपुर थाना को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि मोनी कुमारी के ससुराल वाले उसे बांझपन का ताना देकर लगातार प्रताड़ित करते थे। परिजनों का कहना है कि आज सुबह भी नवविवाहिता का पट्टीदारों के साथ विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें मोनी कुमारी की गला दबाकर हत्या किए जाने की सूचना मिली। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
मृतका के रिश्तेदार कृष्णनंदन कुमार ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलामेघ वार्ड संख्या 10 निवासी संजीत साह की पुत्री मोनी कुमारी की शादी नाजिरपुर गांव वार्ड संख्या 1 निवासी शंकर साह के पुत्र अंकेश साह से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ दिनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वाले उसे बांझपन के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्होंने कुछ नहीं किया है और उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है।
वहीं उजियारपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार का बताना है कि, नाजिरपुर गांव में एक घर से संदिग्ध हालत में एक नवविवाहिता का शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट