बेगूसराय में जहरीली शराब से मौत के बाद प्रशासन अलर्ट, शराब की खोज में छापेमारी जारी

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय में जहरीली शराब से मौत के मामले सामने आने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई एवं जिला प्रशासन के द्वारा लगातार छापेमारी की जाने लगी। गौरतलब है कि तेघड़ा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित वार्ड 24 में गुरुवार की देर शाम घनश्याम पोद्दार नामक युवक की इलाज के क्रम में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घनश्याम पोद्दार अपने अन्य साथियों के साथ बुधवार की शाम शराब का सेवन किया था और जिसके बाद घनश्याम पोद्दार एवं संदीप की तबीयत बिगड़ने लगी थी तब उसे बेगूसराय जिले के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां घनश्याम की मौत हो गई और संदीप पोद्दार की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी।

- Sponsored Ads-

बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम घनश्याम पोद्दार, संदीप, कन्हैया कुमार सहित 5 लड़कों ने एक साथ शराब का सेवन किया था। घनश्याम पोद्दार की मौत के बाद बेगूसराय पुलिस ने अन्य दो लड़कों को भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से युवकों की हालत को देखते हुए संदीप कुमार, कन्हैया कुमार एवं एक नाबालिग लड़के को पटना रेफर कर दिया गया है वहीं एक अन्य युवक की तलाश पुलिस के द्वारा जारी है।

हालांकि उक्त ममले में बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा है की सभी युवकों के द्वारा किसी केमिकल पदार्थ का सेवन किया गया था जिसकी जांच फॉरेंसिक लैब में करवाने की प्रक्रिया जारी है। अब फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर युवकों ने जहरीली शराब या किसी अन्य वस्तु का सेवन किया था। उक्त मामले में खास बात यह है कि तेघड़ा पुलिस के द्वारा बड़ी लापरवाही सामने आई है और घनश्याम पोद्दार के शव को पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया और बिना पोस्टमार्टम के ही उसका दाह संस्कार कर दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस के द्वारा घालमेल करने का प्रयास किया गया है। अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना ले जाने के क्रम में संदीप पोद्दार नामक युवक की भी मौत हो गई है।

 बेगूसराय से सुमित कुमार (बबलू)

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article