एम्बुलेंस से शराब की तस्करी: बेगूसराय के वीरपुर में 37 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर फरार

DNB Bharat Desk

वीरपुरराज्य सरकार और पुलिस की तमाम सख्ती के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध कारोबार को जारी रखे हुए हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शनिवार देर रात गश्ती के दौरान एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि वीरपुर से टांरी गांव की ओर जाने वाली ग्रामीण सड़क से तस्कर एक एम्बुलेंस में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो अंधेरे का फायदा उठाकर तीन तस्कर एम्बुलेंस छोड़कर मौके से फरार हो गए।

एम्बुलेंस से शराब की तस्करी: बेगूसराय के वीरपुर में 37 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर फरार 2पुलिस द्वारा उजले रंग की मारुति सुजुकी इको एम्बुलेंस (बीआर 09 बीसी 2224) की तलाशी लेने पर अंदर से 37 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें उत्तराखंड और चंडीगढ़ निर्मित ‘ऑल सीजन गोल्ड व्हिस्की’ की 180 एमएल वाली कुल 1,776 सीलबंद बोतलें और 300 खुली बोतलें शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 373.680 लीटर है।

पुलिस ने एम्बुलेंस और शराब को जब्त कर फरार तस्करों की पहचान कर ली है। तस्करों की पहचान वीरपुर निवासी संजय सिंह के पुत्र जीवन गौतम उर्फ फूलना, उसके भाई संजीवन कुमार उर्फ सोनू और बड़हारा निवासी अशर्फी महतो के पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

एम्बुलेंस से शराब की तस्करी: बेगूसराय के वीरपुर में 37 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर फरार 3थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी जीवन गौतम के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ माह पूर्व गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में भी एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में शराब जब्त की गई थी, जिसमें वीरपुर निवासी बिक्कू कुमार को गिरफ्तार किया गया था जबकि जीवन गौतम वहां से भी भाग निकला था।

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के साथ रात्रि गश्ती अधिकारी प्रभुनाथ शुक्ला एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। स्थानीय स्तर पर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्करों द्वारा नए रास्तों और वाहनों का इस्तेमाल कर शराब की खेप पहुंचाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

Share This Article