डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के डीह पर पंचायत भवन परिसर में शनिवार को मुखिया राजीव कुमार की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ‘आवास प्लस’ की प्रतीक्षा सूची का विधिवत अनुमोदन करना तथा पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा करना था।
ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुखिया राजीव कुमार ने कहा कि पंचायत के प्रत्येक क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा मुख्य ध्येय है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचा ही किसी भी गांव की उन्नति के मजबूत आधारस्तंभ होते हैं और पंचायत प्रशासन इन क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक के दौरान पंचायत सचिव ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवास प्लस सूची को पढ़कर सुनाया, जिसे उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों की सहमति से सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव, आवास सहायक, विकास मित्र, डाटा इंट्री ऑपरेटर, सभी वार्ड सदस्य तथा सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट