डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत भुसवर पंचायत सरकार भवन में आयोजित आम सभा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ लाभार्थियों ने आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर आवास सहायक पर पैसे मांगने और लेने का आरोप लगाया।
आम सभा में ग्राम सचिव हरिहर प्रसाद यादव, आवास सहायक शंभू पंडित, मुखिया रंजीत कुमार महतो, पंचायत समिति सदस्य निरंजन कुमार सहित सभी वार्ड सदस्य मौजूद थे। सभा के दौरान गंगा देवी ने आरोप लगाया कि इंदिरा आवास योजना में नाम जुड़वाने के लिए आवास सहायक द्वारा उनसे ₹1,500 की मांग की गई।
वहीं मनीषा देवी ने आरोप लगाया कि उनसे भी आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर ₹1,000 लिया गया।बताया गया कि आवास योजना के तहत करीब 1200 लोगों के नाम सूची में जारी किए गए थे। इनमें से पांच लोगों ने आवास सहायक पर नाम जुड़वाने के लिए पैसे लेने का आरोप लगाया। इसी दौरान गंगा देवी द्वारा आवास सहायक शंभू पंडित के साथ चप्पल से दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप सामने आया।
स्थिति बिगड़ती देख पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार महतो ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया और स्थानीय विभूतिपुर थाना को सूचना दी। मामला बढ़ता देख विभूतिपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवास सहायक शंभू पंडित को अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद स्थिति को देखते हुए आम सभा को स्थगित कर दिया गया।
आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस एवं संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट