डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी (बेगूसराय): प्रखंड क्षेत्र के सिमरिया भोला स्थान में छह दिवसीय भव्य गणेश पूजा महोत्सव के आयोजन को लेकर शनिवार शाम ग्रामीणों और प्रबुद्धजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए गणेश पूजा समिति सिमरिया के अध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि 14 से 19 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 40 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए पूरी निष्ठा के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
समिति के मेला संयोजक विपिन सिंह ने बताया कि मेले को आकर्षक स्वरूप देने के लिए मीना बाजार, ड्रैगन झूला सहित बच्चों और वयस्कों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले व मनोरंजन की दुकानें लगाई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए व्यवस्थापक मनोज सिंह ने कहा कि मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निःशुल्क साइकिल व मोटरसाइकिल स्टैंड की व्यवस्था भी की गई है।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष बलराम कुमार, सचिव रूपेश कुमार, पूजा प्रभारी अपूर्व बालाजी, मीडिया प्रभारी कृष्ण मुरारी, नवकांत झा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित थे।
बेगूसराय सिमरिया से कृष्ण मुरारी की रिपोर्ट