डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: जिले के विक्रमपुर बांदे वार्ड नंबर 9 में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य को बंद करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क की चौड़ाई जहां करीब 5 फीट निर्धारित बताई गई है, वहीं मौके पर लगभग 4 फीट की चौड़ाई में ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

निर्माण कार्य में कथित अनियमितता सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह मानकों को दरकिनार कर कराया गया तो सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने निर्माण कार्य की मापी कराने, इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार ही सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने और मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित होने के बाद ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट