दीपनगर पुलिस ने की कार्रवाई, अब तक 9 बदमाशों की हो चुकी है गिरफ्तारी
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय स्थित खाद्य एवं बीज व्यवसाई राजीव रंजन के घर में बीते 3 अगस्त को हुई करोड़ो की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
दीपनगर थाना पुलिस और डीआईओ की संयुक्त टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए डकैती कांड में शामिल दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को नालंदा लाया गया, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।सदर डीएसपी अमरनाथ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी डकैती की वारदात में शामिल थे और घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए दूसरे राज्य में जाकर छिपे हुए थे।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर डकैती के दौरान लूटे गए सामानों में से सोने की दो चेन, दो मंगलसूत्र, एक सोने का सिक्का, एक सोने का लॉकेट, दो मोबाइल फोन और 4 लाख 72 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जाता है कि 3 अगस्त को देवीसराय स्थित राजीव रंजन के घर में अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
सदर डीएसपी अमरनाथ ने बताया कि डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।अब तक नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
डीएनबी भारत डेस्क