युवक नीले रंग का लुजर और कत्थई रंग के टीशर्ट पहने हुए था।
डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 पर गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई । मौजूद लोग युवक को लेकर अलग अलग तरह आशंका कर रहे थे। प्लेटफार्म के सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी ने एक युवक के अचेतावस्था में गिरे होने की जानकारी वरीय अधिकारी को दी। सूचना मिलते ही राजकीय रेल पुलिस के थानाध्यक्ष मनीष कुमार मधुकर और रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर सुनील कुमार पांडे सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए।

पुलिस ने घटना की जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मनोज कुमार को मोबाइल पर दी, ताकि युवक के मृत है या बेहोश होने की पुष्टि हो सके। सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और जांचोपरांत युवक के मृत होने की पुष्टि की। इसके बाद राजकीय रेल पुलिस बछवाड़ा ने शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। हालांकि, मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

इस संबंध में रेल थानाध्यक्ष मनीष कुमार मधुकर ने बताया कि सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 5 से खुलने के बाद एक युवक को तपती धूप में प्लेटफॉर्म पर सोया हुआ देखा गया, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उक्त युवक अचेता अवस्था में मिला। रेल पुलिस ने चिकित्सक द्वारा चिकित्सीय जांचोपरांत उक्त युवक को मृत घोषित किया। रेल पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष था वह नीले रंग का लूजर व कत्थई रंग का टीशर्ट पहने हुए था। रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय अस्पताल भेज दिया।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट