डीएनबी भारत डेस्क
असम में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों की जिंदगी को मुश्किलों में डाल दिया है। ऐसे कठिन समय में देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं।इसी कड़ी में समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के चर्चित समाजसेवी भाई राजू सहनी ने बुधवार, 12 अगस्त 2026 को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक लाख ग्यारह हजार एक रुपये का चेक आर्थिक सहयोग के रूप में प्रदान किया।

इस दौरान राजू सहनी ने कहा कि बाढ़ और आपदा की कोई सीमा नहीं होती, ऐसे वक्त में एक-दूसरे के साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है।उन्होंने कहा कि उनके गृह राज्य बिहार के अलावा झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों के लोग असम में रहकर अपनी मेहनत और कर्म से जीवन संवार रहे हैं। आज जब असम के लोग प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं, तो उनके दुख-दर्द में सहभागी बनना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राजू सहनी का यह सहयोग सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि मुश्किल घड़ी में इंसानियत, भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी है।बाढ़ का पानी भले ही लोगों के घरों तक पहुंच गया हो, लेकिन मदद के लिए बढ़े हाथ यह भरोसा जरूर जगा रहे हैं कि मुश्किल कितनी भी बड़ी हो, इंसानियत उससे बड़ी होती है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट