डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर: बिहार सरकार के निर्देशानुसार, जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर अब प्रत्येक माह की 14 तारीख को ‘प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा दिवस’ के साथ-साथ ‘योग दिवस’ का आयोजन अनिवार्य कर दिया गया है।

इसी क्रम में आज बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत बनवानीपुर पंचायत के मुजाहिदपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 2 पर इस कार्यक्रम की पहली बार सफल शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में योग और जागरूकता का दिखा संगम
आज आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में आंगनवाड़ी के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों को सरल योगासन, प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम का अभ्यास कराया गया, जिसका उद्देश्य उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बचपन से ही सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया:
महिला पर्यवेक्षिका श्रुति ऋचा की देखरेख में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पिरामल फाउंडेशन से दीपक मिश्रा और खुशबू कुमारी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आंगनवाड़ी सेविका अनीता कुमारी और सहायिका विमल देवी आशा विनीता कुमारी ने बच्चों के अभ्यास और व्यवस्था का संचालन किया।
ग्रामीणों ने की सराहना इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय महिला और पुरुष ग्रामीण भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समुदाय का स्वास्थ्य के प्रति नजरिया भी सकारात्मक होगा।
उल्लेखनीय है कि निदेशालय के निर्देशानुसार, राज्य के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को स्वस्थ रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए यह कार्यक्रम प्रत्येक माह की 14 तारीख को निरंतर आयोजित किया जाएगा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट