डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड स्थित रा.कृत हरदीश नारायण उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलारी में उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उजियारपुर विधायक स्कूल की चारदीवारी का उद्घाटन करने पहुंचे।ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल की चारदीवारी का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद विधायक ने फीता काटकर उद्घाटन कर दिया।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल परिसर में नए भवन निर्माण का कार्य भी संतोषजनक नहीं है। उनका कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और काम मानकों के अनुसार नहीं हो रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी शिकायत और समस्याएं विधायक के सामने रखने की कोशिश की, तो उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना गया।
इससे नाराज ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की और कई सवाल उठाए।ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य का उद्घाटन करना केवल दिखावा है, जबकि स्कूल के छात्रों और क्षेत्र के लोगों को अभी भी बेहतर सुविधाओं का इंतजार है। अब देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट