डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। मथुरापुर थाना पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अमन सहनी गिरोह के तीन अपराधियों को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार (3 जुलाई 2026) की शाम थाना अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के मुगलानी चक निवासी रजनीश कुमार, खानपुर थाना क्षेत्र के अमसौर निवासी रविकांत कुमार उर्फ रवि तथा वैशाली जिले के बलिगांव निवासी सुदामा कुमार के रूप में हुई है।
इस संबंध में मथुरापुर थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार रविकांत कुमार उर्फ रवि के विरुद्ध वारिसनगर थाना में वर्ष 2024 का आर्म्स एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है। इस छापेमारी अभियान में मथुरापुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट