डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर में निर्माणाधीन गंगा सेतु पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पुल के एक हिस्से का स्लैब टूटकर गिरने से छह मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पूरी घटना समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत राजपुर-जौनापुर गंगा घाट पर निर्माणाधीन पुल ताजपुर बख्तियारपुर गंगा सेतु के पिलर संख्या-58 के पास शनिवार को अचानक स्लैब टूटकर गिर गया। इस हादसे में वहां कार्यरत छह मजदूर घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया।
बताया जा रहा है कि घायलों में एक मजदूर का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। फिलहाल सभी घायल मजदूरों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। प्रशासन की ओर से भी पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट