डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की प्रथम त्रैमासिक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 7 जुलाई से होगा। इसको लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी)जारी कर दी है। एस सी आर टी के निदेशक 02 जुलाई को जारी पत्रांक 3191 के अनुसार, समग्र शिक्षा के तहत यह मूल्यांकन 7 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक दो पालियों में लिया जाएगा। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक, द्वितीय पाली अपराह्न 01 बजे से 03 बजे तक होगी।जारी शिड्यूल के अनुसार

07 जुलाई को प्रथम पाली में कक्षा प्रथम से पंचम तक अंग्रेजी और द्वितीय पाली कक्षा 6 से 8 की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।इसी तरह 8 जुलाई को प्रथम पाली कक्षा 6 से 8 की विज्ञान और द्वितीय पाली में कक्षा 6 से 8 की संस्कृत विषय की परीक्षा होगी। 9 जुलाई को प्रथम पाली में वर्ग तृतीय से पंचम की गणित और द्वितीय पाली में वर्ग 6 से 8 की गणित विषय की परीक्षा होगी।10 जुलाई को हिन्दी विद्यालयों में
सह-शैक्षिक गतिविधियों का संकलन एवं ग्रेडिंग होगी।इसी तरह 11 जुलाई को प्रथम पाली में वर्ग 3 से 8 की पर्यावरण अध्ययन/ सामाजिक विज्ञान विषय और द्वितीय पाली में वर्ग प्रथम और द्वितीय की गणित विषय की परीक्षा होगी।12 जुलाई को सिर्फ मदरसा और मकतब में सह-शैक्षिक गतिविधियों का संकलन होगा। इसी तरह 13 जुलाई को प्रथम पाली में वर्ग प्रथम से अष्टम की हिन्दी/उर्दू विषय की परीक्षा होगी।कक्षा प्रथम और द्वितीय का मूल्यांकन मौखिक होगा।यह कार्य वर्ग शिक्षक द्वारा सम्पन्न किया जाएगा। कक्षा 3 से 8 की लिखित परीक्षा होगी।कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्न पत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालय उसी के आधार पर परीक्षा लेंगे। परीक्षा अवधि में पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को एमडीएम दिया जाएगा। सभी छात्र-छात्राएं पेन, कॉपी, पेंसिल, ज्यामिति बॉक्स लेकर आएंगे।
एससीआरटीने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा के दिन सिर्फ जिन कक्षाओं की परीक्षा है वही छात्र आएंगे। शेष कक्षाओं का शैक्षणिक कार्य यथावत चलता रहेगा। विभाग ने सभी डीईओ और डीपीओ को निर्देश दिया है कि तय कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक की प्रथम त्रैमासिक परीक्षा कराना सुनिश्चित करेंगे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट