डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर नगर थाना पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मगरदही घाट क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से एक धंधेबाज को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश प्रसाद के रूप में हुई है, जो कामेश्वर प्रसाद का पुत्र और मालगोदाम रोड, नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से कुल 83 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और पैकेजिंग को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी तलाश कर रही है।
नगर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा सूखे नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट