डीएनबी भारत डेस्क
एनटीपीसी बरौनी को सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ब्रिटिश सेफ्टी काउंसिल द्वारा इंटरनेशनल सेफ्टी अवॉर्ड 2026 की मेरिट श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुंबई में आयोजित एक समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

ब्रिटिश सेफ्टी काउंसिल एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो विश्वभर में कार्यस्थल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है। संस्था द्वारा प्रदान किया जाने वाला इंटरनेशनल सेफ्टी अवॉर्ड उन संगठनों को दिया जाता है जिन्होंने सुरक्षा प्रबंधन एवं सुरक्षित कार्य संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो।
एनटीपीसी बरौनी की ओर से अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री बी एन गुप्ता ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि सुरक्षा के प्रति प्रबंधन की प्रतिबद्धता तथा टीम बरौनी द्वारा कार्यों के प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने हेतु किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
एनटीपीसी बरौनी में सभी कार्यों के साथ सुरक्षा के एकीकरण तथा सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल दिया जा रहा है। साथ ही व्यवहार आधारित सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
एनटीपीसी बरौनी परियोजना प्रमुख श्री जयदीप घोष ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान एनटीपीसी बरौनी की सुरक्षा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता एवं टीम के सामूहिक प्रयासों का परिचायक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करते हुए इस क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा।
डीएनबी भारत डेस्क