चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की साइकिल यात्रा पूरी कर घर लौटा नालंदा का लाल।नशा मुक्ति और फिटनेस का संदेश लेकर युवक ने साइकिल से नापा पूरा भारत।
डीएनबी भारत डेस्क
परवलपुर प्रखंड का एक युवा आज पूरे इलाके के लिए प्रेरणा बन गया है। साइकिल से चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की कठिन यात्रा पूरी कर घर लौटे अस्तुपुर गांव निवासी बिक्कु कुमार का परवलपुर में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और भारत माता के जयघोष के साथ लोगों ने अपने इस साहसी युवा का अभिनंदन किया।

परवलपुर प्रखंड के मई पंचायत स्थित अस्तुपुर गांव निवासी बिक्कु कुमार ने 188 दिनों में करीब 15 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर चारधाम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के साथ देश के 12 ज्योतिर्लिंगों का दर्शन किया। बिक्कु कुमार ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त जीवन, योग, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि आज का युवा तेजी से नशे की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में फिटनेस और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।
यात्रा के दौरान तीनों युवाओं ने सैकड़ों किलोमीटर की कठिन चढ़ाई, खराब मौसम और दुर्गम रास्तों का सामना किया, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। बिक्कु ने बताया कि पूरे भारत में लोगों का भरपूर सहयोग मिला। जगह-जगह लोगों ने खाने, पानी और दवा की व्यवस्था कर उनका उत्साह बढ़ाया।हमलोगों का मकसद युवाओं को फिटनेस, योग और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना था। पर्यावरण बचाने का भी संदेश देना था। 188 दिन में 15 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर बहुत खुशी हो रही है।गांव लौटने पर स्थानीय लोगों, दोस्तों और परिजनों ने बिक्कु कुमार का जोरदार स्वागत किया।
लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम बताते हुए उनके साहस और संकल्प की सराहना की।साइकिल से हजारों किलोमीटर की कठिन धार्मिक और सामाजिक जागरूकता यात्रा पूरी कर लौटे बिक्कु कुमार ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।इस यात्रा में नालंदा के विक्कू कुमार के अलावे तेलंगाना के महबूबनगर निवासी विक्रम कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के साहिबगंज निवासी दीपक गुप्ता भी भी यात्रा में शामिल रहे जिन्होंने 405 दिनों बारह ज्योतिर्लिंग चार धाम की यात्रा पूरी की।
डीएनबी भारत डेस्क