वर्षों से जर्जर रास्ते से परेशान ग्रामीण,बकरा गांव में टूटी पुलिया और सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों ने मिलकर किया मरम्मत कार्य।
डीएनबी भारत डेस्क
बिंद प्रखंड के कथराही पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित बकरा गांव में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। वर्षों से खराब पड़े रास्ते की सुध नहीं लेने पर ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए चंदा इकट्ठा कर रास्ता की मरम्मत करा दी।

जानकारी के अनुसार, गांव के किनारे स्थित पइन और सड़क को जोड़ने के लिए वर्षों पहले एक पुलिया का निर्माण कराया गया था, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके। लेकिन समय के साथ बारिश के दौरान पुलिया से सड़क को जोड़ने के लिए की गई मिट्टी की भराई बह गई, जिससे पुलिया और सड़क के बीच गहरा गड्ढा बन गया। इस कारण ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कई बार बाइक और ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके थे। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और पंचायत के जनप्रतिनिधियों से मरम्मत की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार निराश ग्रामीणों ने खुद ही समस्या का समाधान करने का निर्णय लिया। गांव के लोगों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर रास्ते की मरम्मत कर दी, जिससे अब आवागमन सुगम हो गया है।
डीएनबी भारत डेस्क