डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर: प्रखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य तेजी से चल रहा है। मकानों के सूचीकरण और गणना का यह काम 31 मई तक संचालित होगा।

314 प्रगणक, 52 पर्यवेक्षक तैनात
बीसीओ विजय मालाकार ने बताया कि 314 प्रगणक और 52 पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात हैं। पहले चरण में प्रत्येक भवन पर क्रम संख्या अंकित की जा रही है। इसके साथ ही मकान की सामग्री, उपयोग, स्थिति और परिवार से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
33 बिंदुओं पर डिजिटल डेटा संग्रह
प्रगणक नजरी नक्शा तैयार कर रहे हैं ताकि क्षेत्र की भौगोलिक और आवासीय स्थिति का आकलन हो सके। इसके बाद 31 मई तक मोबाइल ऐप के जरिए लगभग 33 बिंदुओं पर डिजिटल रूप से जानकारी संग्रहित की जाएगी। इसमें पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, ईंधन, टीवी, मोबाइल, इंटरनेट और वाहन जैसे विवरण शामिल हैं।
प्रखंड प्रशासन पूरे अभियान की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों ने लोगों से सही जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है, ताकि विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट