डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतवारा चौक के समीप सड़क किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव देखे जाने की सूचना कल्याणपुर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने में जुट गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के लदौरा निवासी देवेंद्र कुमार के रूप में हुई।

बताया जाता है कि देवेंद्र कुमार अपने घर पर ही एक छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बच्चे हैं और वे ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। परिजनों के अनुसार, बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान के लिए सामान लाने बाजार निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। इसी बीच उनका शव घर से लगभग 5 किलोमीटर दूर रतवारा चौक के पास बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पुलिस ने ही परिजनों को दी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस और परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे हैं।मृतक के परिजनों को आशंका है कि देवेंद्र कुमार की पीट-पीटकर हत्या की गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट