मायके वाले ने लगाया आरोप, विवाहिता के शरीर पर है जख्म के निशान ,जांच में जुटी पुल
डीएनबी भारत डेस्क

समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर दिघरुआ गांव में एक विवाहिता का शव उसके ससुराल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका के मायके वालों ने पति, सास और ननद पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई मणिकांत ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2017 में माधोपुर दिघरुआ निवासी रामकरण राय के पुत्र आलोक कुमार से हुई थी। शादी के समय दहेज में करीब 20 लाख रुपये और एक कार दी गई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार पैसों की मांग की जाती थी और मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी। मृतका के दो बच्चे भी हैं। परिजनों के अनुसार, हाल ही में जमीन रजिस्ट्री के नाम पर चार लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे पूरा नहीं करने पर उसकी हत्या कर दी गई।
मणिकांत ने बताया कि रात फोन पर बहन के साथ मारपीट की सूचना मिली थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर दे दी गई। जब वे ससुराल पहुंचे तो घर में कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि मृतका के शरीर पर बेल्ट, लाठी-डंडे से मारपीट और गला घोंटने के निशान थे।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट