डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर थाना क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत व्यवहार न्यायालय बेगूसराय भेज दिया।

इस संबंध में प्रभारी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक शराब के नशे में सजात गांव में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआई रितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सजात गांव निवासी विजय ताती के पुत्र रजनीश कुमार, देसरी गांव निवासी शंकर महतो के पुत्र विकेश कुमार तथा गणेश राम के पुत्र विकेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि तीनों युवक शराब के नशे में आसपास के लोगों के बीच हंगामा कर रहे थे, जिससे इलाके में अशांति का माहौल बन गया था।
पुलिस ने तीनों का मेडिकल जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और इसके बाद उन्हें व्यवहार न्यायालय बेगूसराय भेज दिया। प्रभारी थाना अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट