डीएनबी भारत डेस्क
बखरी थाना परिसर में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ कुंदन कुमार ने चर्चित विशाल हत्याकांड का खुलासा करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की प्रेमिका संजना कुमारी,उसके पिता अमर किशोर चौरसिया तथा दादा राजेंद्र चौरसिया शामिल हैं।एसडीपीओ ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मृतक विशाल और संजना कुमारी के बीच अवैध संबंध थे।घटना की रात विशाल अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।इस बात से आक्रोशित होकर परिजनों ने पहले विशाल के साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर दी।
घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को ठिकाने लगा दिया,ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी व साक्ष्य के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में मृतक के पिता शंभू सहनी ने थाना में आवेदन देकर कुल छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बखरी सर्किल इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह,प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार,सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार पंडित सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
डीएनबी भारत डेस्क