डीएनबी भारत डेस्क
मुजफरा गांव में पति ने अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी को ईंट से कुचलकर मार डाला। जानकारी के अनुसार, मृतका लक्ष्मी देवी (21 वर्ष) के पिता दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहरवाघाट निवासी भिखो चौधरी ने बुधवार को नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी के समक्ष दिये फर्द बयान में कहा कि मंगलवार की रात्रि 8 बजे उनके लड़की की सास ने फोन पर कहा कि तुम्हारी बेटी गिर गयी है।

लुंज पुंज हो गयी है। मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे दामाद मुजफरा निवासी राजा चौधरी ने दहेज की खातिर मेरी पुत्री की मारपीट कर हत्या कर दी है।मृतका के पिता ने बताया कि करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व अपनी पुत्री लक्ष्मी की शादी मुजफरा निवासी राजा चौधरी से की थी। मेरा दामाद टेंट का काम करता था। वह बराबर पैसे मांगता था।

मेरा दामाद पहले भी दहेज की खातिर लक्ष्मी को प्रताड़ित व मारपीट करता था। मृतका को एक ढाई वर्ष का पुत्र है। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के फर्दबयान पर एफआईआर दर्ज कर मृतका के पति को गिरफ्तार किया गया है। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट