डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होते ही पूरे राज्य में उत्साह और खुशी का माहौल है। इसी बीच समस्तीपुर से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां सीमित संसाधनों के बावजूद एक छात्र ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ा मुकाम हासिल किया है।

समस्तीपुर के मिल्लत अकैडमी के छात्र शमशीर अख्तर ने 500 में 485 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में छठा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है।
शमशीर की सफलता की कहानी संघर्ष और समर्पण से भरी है। उनके पिता मो. जहांगीर अंसारी का निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनकी मां तरन्नुम परवीन, जो आंगनबाड़ी सहायिका हैं, ने अकेले ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली। दिन में नौकरी और रात में सिलाई कर उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
नतीजे आते ही शमशीर के घर पर जश्न का माहौल बन गया। आसपास के लोग बधाई देने पहुंचे और मिठाई खिलाकर इस सफलता को सेलिब्रेट किया गया।
शमशीर बताते हैं कि उनकी इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और मां का त्याग सबसे बड़ी ताकत रही। आगे वे विज्ञान विषय से पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहते हैं, ताकि समाज की सेवा कर सकें।
यह कहानी न सिर्फ एक टॉपर की सफलता है, बल्कि उस मां के संघर्ष और सपनों की जीत भी है, जिसने हर मुश्किल को मात देकर अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट