डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा (बेगूसराय): आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर तेघड़ा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, जिला पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा श्री राकेश कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में तेघड़ा बाजार सहित अनुमंडल के सभी संवेदनशील स्थलों पर व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया। इस दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को कड़ाई से नियंत्रित किया जाएगा।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, इसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्वक मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर चेताया और कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही सीसीटीवी एवं अन्य माध्यमों से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिया। प्रशासन ने भी जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
डीएनबी भारत डेस्क