डीएनबी भारत डेस्क
तेघरा अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय नया टोला दुलारपुर का औचक निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी तेघरा श्री राकेश कुमार के द्वारा किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रों की उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का समग्र आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सर्वप्रथम शिक्षक उपस्थिति पंजी एवं छात्र उपस्थिति पंजी की गहन जांच की। दोनों ही पंजी अद्यतन एवं व्यवस्थित पाए गए, जिससे विद्यालय में नियमित उपस्थिति एवं अनुशासन की स्थिति स्पष्ट हुई। इसके उपरांत उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के क्रम में पाठ टीका की भी जांच की गई, जिसमें पाया गया कि शिक्षक निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। शिक्षण प्रक्रिया में सुधार एवं नवाचार को लेकर एसडीएम ने शिक्षकों से संवाद करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं वितरण प्रणाली को संतोषजनक पाया गया। इस अवसर पर एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना गरीब एवं वंचित बच्चों के पोषण का प्रमुख माध्यम है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया कि बच्चों को पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समग्र स्थिति संतोषजनक पाई गई। एसडीएम ने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहें, ताकि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर हो सके।
डीएनबी भारत डेस्क