मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर पुल के पास का है,
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से बड़ी खबर सामने आ रही है,जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में भारी बवाल मच गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया और हत्या का आरोप लगाया है। मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर पुल के पास का है, जहां सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा देखा। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान बीरपुर थाना क्षेत्र के नौला पंचायत वार्ड 11 निवासी 25 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी का काम करता था। परिजनों के अनुसार, सुजीत रात करीब 8 बजे घर से नानी गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली।घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मृतक की बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जबकि मोबाइल फोन विश्वकर्मा चौक के पास एक खेत में गड्ढे से बरामद किया गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।परिजनों ने इस मौत को हत्या बताते हुए अस्पताल और प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि अगर समय पर सही इलाज और देखभाल होती तो युवक की जान बच सकती थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने चेरिया बरियारपुर थाना गेट के सामने और SH-55 सड़क को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।ये एक्सीडेंट नहीं है, हमारे बेटे की हत्या की गई है। हमको न्याय चाहिए।मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और सर्किल इंस्पेक्टर ने पहुंचकर मामले की जांच की है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सच सामने आता है।
डीएनबी भारत डेस्क