डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना परिसर में आज प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वारिसनगर थाना अध्यक्ष सर्वेश कुमार झा, अपर थाना अध्यक्ष डॉ. रेखा कुमारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ईद-उल-फितर और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाना सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे पर्व के दौरान आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवादित गतिविधियों से दूर रहें।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि दोनों पर्व आपसी सद्भाव, एकता और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं, जिन्हें मिल-जुलकर हर्ष और उल्लास के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट