मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का है।
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अपराधियों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का है। मृतक व्यक्ति की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के कुरहा गांव स्थित वार्ड नंबर 12 निवासी मोहम्मद इस्लाम के पुत्र मोहम्मद वकील के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद वकील भोज और दावतों में खाना बनाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक रविवार की शाम मोहम्मद वकील घर से पैसा लाने की बात कहकर निकले थे। पैसा लाने के बाद उन्होंने रास्ते में ही घरवालों को पैसे दे दिए थे, लेकिन इसके बाद से ही वह लापता हो गए। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर एक पानी भरे गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी।
इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना प्रभारी सिंटू कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहम्मद वकील के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने उनकी निर्मम तरीके से हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया है।फिलहाल पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क