मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पासपुरा बहियार में मिला बरौनी के युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की हत्या कर शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। शव के ऊपर मोटरसाइकिल उल्टा चढ़ा देने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पासपुरा बहियार की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के बरौनी गांव निवासी मोहम्मद मासूम के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, मोहम्मद मासूम कल घर से किसी काम से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह उनका शव पासपुरा बहियार स्थित एक गड्ढे में पड़ा मिला।
परिजनों का आरोप है कि किसी ने उन्हें बुलाकर ले गया और निर्मम तरीके से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की नीयत से गड्ढे में फेंक दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर फेंका गया। शव के ऊपर मोटरसाइकिल उल्टा खड़ा कर दिया गया था, जिससे मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।
वहीं मुफस्सिल थाना अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि पासपुरा बाजार क्षेत्र से शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।घटनास्थल पर एफएसएल टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इधर, युवक की मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
डीएनबी भारत डेस्क