डीएनबी भारत डेस्क
तेघरा (बेगूसराय)। अनुमंडल पदाधिकारी ने सोमवार को तेघरा अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, ऑपरेशन थियेटर तथा वार्डों का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने कर्तव्यों पर उपस्थित पाए गए।

एसडीएम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण प्रणाली एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों के उपचार की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अनुमंडलीय अस्पताल में अब अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अब उपलब्ध है सिजेरियन की सुविधा
एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल में अब सिजेरियन प्रसव की सुविधा शुरू हो गई है। अब तक यहां तीन सफल सिजेरियन ऑपरेशन किए जा चुके हैं। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को जिला मुख्यालय या निजी अस्पतालों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर सुरक्षित एवं निःशुल्क सेवा मिल सकेगी।
हाइड्रोसील ऑपरेशन भी हो रहा
अस्पताल में अब हाइड्रोसील ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। सामान्य शल्य चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से आम मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। ऑपरेशन थियेटर में आधुनिक मशीनों एवं उपकरणों के माध्यम से इलाज किया जा रहा है।
सभी चिकित्सक रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राम कृष्ण (MO I/C) सहित सर्जन डॉ. राकेश कुमार, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विकास कुमार, डॉ. अर्चना, डॉ. रेशमी कुमारी तथा लैब टेक्नीशियन भारत कुमार मौके पर उपस्थित थे। सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते पाए गए। एसडीएम ने चिकित्सकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने क्षेत्र के सभी आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अनुमंडलीय अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अब अस्पताल में आधुनिक मशीनों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण इलाज किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आम जनता को सुलभ, सस्ता एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो। निरीक्षण के उपरांत एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान करने में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
डीएनबी भारत डेस्क