डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर ई-रिक्शा चालकों की दबंगई सामने आई है। किराए को लेकर हुए विवाद में ई-रिक्शा चालकों ने अपने ही पैसेंजर के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मौके पर घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा और हंगामा चलता रहा।पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के हड़ताली चौक के पास का है।

पीड़ित प्रीत संतोष मांझी ने बताया कि उनके परिवार के तीन सदस्य ट्रैफिक चौक से ई-रिक्शा पर बैठकर हड़ताली चौक पहुंचे थे। उनके अनुसार वहां से बैठाते समय 15 रुपये किराया बताया गया, लेकिन गंतव्य पर पहुंचने के बाद चालक 30 रुपये की मांग करने लगा।आरोप है कि जब उन्होंने 30 रुपये देने से इनकार किया, तो ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतारू हो गए।
पहले 15 रुपये कहा, यहां आकर 30 रुपये मांगने लगे। जब हमने मना किया तो मारपीट करने लगे। जबरन बैठाते हैं और फिर मनमानी वसूली करते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई ई-रिक्शा चालक मनमाने तरीके से किराया वसूलते हैं।विरोध करने पर पैसेंजर के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।
हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।फिलहाल इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं शहर में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
डीएनबी भारत डेस्क