शौच के लिए ट्रक से उतरा था चालक, पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने रौंदा; साहेबपुर कमाल में झारखंड के युवक की दर्दनाक मौत
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मुंगेर पुल के पास एक ट्रक चालक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मुंगेर पुल के पास की है।

बताया जा रहा है कि झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र के सगरडीह गांव निवासी वीरेंद्र यादव के पुत्र अनुज कुमार यादव ट्रक चालक थे। वे दुमका से गिट्टी लोड कर दरभंगा जा रहे थे।परिजनों के मुताबिक मुंगेर पुल के पास भारी जाम लगा हुआ था। इसी दौरान अनुज कुमार यादव ट्रक से उतरकर शौच के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक चालक कौन था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है।सवाल यह है कि आखिर कब तक सड़क पर इस तरह की लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी।
डीएनबी भारत डेस्क