डीएनबी भारत डेस्क
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में एक दिवसीय सत्याग्रह धरना किया। दर्जनों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा कार्यालय परिसर में सत्याग्रह धरना के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सत्याग्रह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष संजय चौधरी ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार हमेशा से गांधी जी के विचारों को तिरस्कृत कर गोडसे का विचारधारा को लागू करना चाहती है जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी उनके गोडसे वादी विचारधारा वाली चेहरे को पूरे भारत में बेनकाब करेगी। गांधी जी ने एक धोती पहनकर संपूर्ण भारत को अपना बलिदान देते हुए आजादी दिलवाई थी जिसको कभी भी भारतवासी भूल नहीं सकती। हमलोग मनरेगा योजना को बरकरार रखने, अपराध, भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में संपूर्ण बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चरणवार तरीके से आंदोलन करने जा रहे हैं।
जो आंदोलन बछवाड़ा से शुरू होकर सिलसिलेवार तरीके से राज्य स्तर तथा देश स्तर पर कांग्रेस आलाकमान के नेतृत्व में जारी रखेंगे। दादुपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह कांग्रेस नेता जगदीश राय उर्फ़ मुन्ना ने संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं,बल्कि गांधी के विचारो से जुड़ा सामाजिक सुरक्षा का मजबूत स्तम्भ है। भगवान राम देश की आस्था का केंद्र है। लेकिन सरकार जानबूझकर मनरेगा का नाम जी राम जी दिया ताकि कांग्रेस अगर विरोध करे तो वो कह सके राम के नाम पर कांग्रेस को विरोध है । लेकिन उनके नाम पर महात्मा गांधी की पहचान को मिटाना अस्वीकार्य है। यह फैसला सामाजिक सौहार्द और एतिहासिक विरासत के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वास्तविक समस्याओ जैसे मजदूरों को समय पर भुगतान पर ध्यान देने के बजाय नाम बदलने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार न केवल गांधीजी का नाम हटाया जा रहा है, बल्कि योजना को कमजोर करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा के बजट और अनुदान में कटौती करने का भी आरोप लगाया। धरना में सत्याग्रह में बछवाड़ा विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सुदर्शन कुमार, युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष चंदन यादव, राजेन्द्र राय, विजय मोहन ठाकुर, गोरेलाल राय, अमित ठाकुर, प्रमोद चौधरी, राम भगत महतो, चन्द्रमणि कुमार, अशोक कुमार, बछवाड़ा प्रखंड युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष मो इरशाद, मो कासीम, राम लखन पासवान, राजेन्द्र तांती, शिवेश्वर राम समेत दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
डीएनबी भारत डेस्क
