डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में जेडीयू की ओर से कार्यकर्ता आभार समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री मदन साहनी शामिल हुए। समारोह स्थल पर पहुंचते ही जेडीयू कार्यकर्ताओं ने मंत्री मदन साहनी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

इस दौरान मंत्री मदन साहनी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को ऐतिहासिक जीत मिली है। इसी जीत के उपलक्ष्य में राज्य के सभी जिलों में जेडीयू द्वारा कार्यकर्ता आभार समारोह का आयोजन किया जा रहा है, ताकि पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया जा सके। मंत्री मदन साहनी ने बताया कि वर्ष 2025 से 2028 तक चलने वाले जेडीयू के सदस्यता अभियान की भी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार बेगूसराय जिले को जो लक्ष्य दिया गया है, उसे जेडीयू कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पूरा करेंगे।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों को पार्टी कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराने की दिशा में भी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।मदन साहनी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पांच वर्षों के कार्यकाल में बिहार में विकास की रफ्तार पहले से तेज हुई है और आने वाले समय में विकास के सारे रिकॉर्ड टूटेंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में यह संदेश गया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का जो वादा किया गया है, उसे सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करेगी। कार्यकर्ता आभार समारोह के जरिए जेडीयू ने एक बार फिर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी का संदेश दिया है। इस दौरान मंत्री मदन साहनी ने विपक्ष पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कहते थे कि जदयू तीसरी नंबर पार्टी बनकर उब्रेंगे और मुंह चिढ़ाते थे आज वह खुद तीसरे नंबर पार्टी बनकर मुंह छुपाए हुए हैं
डीएनबी भारत डेस्क
