मेयर एवं उप मेयर से नगर निगम संभल नहीं रहा लेकिन लगे हैं टिकट लेकर विधायक बनने की जुगत में- बंदना सिंह

DNB Bharat Desk
- Sponsored Ads-

डीएनबी भारत डेस्क

गत रात्रि की बारिश से नगर निगम क्षेत्र के विवेक-विहार मुहल्ला, आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, बारह पत्थर, सरोजिनी गली, मुसापुर, शिवपुरी समेत दर्जनों मुहल्ला जलमग्न है। यहां तक कि समस्तीपुर- मुसरीघरारी मुख्य सड़क पर घूंटनेभर से अधिक जलजमाव है। मेयर अनीता राम, उपमेयर रामबालक पासवान से नगर निगम संभल नहीं रहा है और चले हैं टिकट लेकर विधायक बनने। यह प्रतिक्रिया महिला संगठन ऐपवा के जिलाध्यक्ष बंदना सिंह ने व्यक्त की।

 वहीं दूसरी ओर भाकपा माले की एक टीम जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में मो० सगीर, दीनबंधु प्रसाद, बंदना सिंह आदि ने जलप्लावित दर्जनों मुहल्ला का दौरा कर दृश्य का अवलोकन, स्थानीय नागरिकों से बातचीत की गई।

 बकौल स्थानीय लोग, माले नेता ने कहा कि नाला उड़ाही, नाला, स्लैब एवं सड़क निर्माण आदि विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपए सरकारी राशि का उठाव हो गया लेकिन कार्य नदारद है। कई जगह नाले पर सलैब नहीं रहने के कारण राहगीर एवं वाहन चालक नाले में गिरकर चोटिल हो गये हैं। कई सड़क से गुजरना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि कहीं नाला अधूरा है तो कहीं नाले का लेवल ठीक नहीं रहने के कारण जल निकासी नहीं हो रहा है।

 उन्होंने आरोप लगाया कि नाला उड़ाही के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। जेसीबी वाला हो या कुदाल टीम, समस्याग्रस्त जगह पर आया, एक-दो स्लैब हटाया, फोटो, विडियो वरीय अधिकारी के पास भेजा और खैनी-पूरिया खाकर चल दिया। उन्होंने कहा कि एक सफाई कर्मी से पूछने पर बताया कि वार्ड पार्षद हो, मेयर हो, उपमेयर हो या आयुक्त हो, कार्य से नहीं सिर्फ कमीशन से मतलब रहता है। ऐसे में कैसे होगा विकास कार्य।

 माले नेता ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि करोड़ों रूपये के समस्तीपुर से धुरलख की ओर एवं समस्तीपुर से कर्पूरीग्राम की ओर बनने वाला नाला निर्माण कार्य क्यों नहीं समय पर पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर मुख्यालय दायें तरफ से मोहनपुर जमुयारी तक करोंड़ों रूपये से निर्मित नाला से क्यों नहीं जल निकासी हो रहा है? इसे कौन देखेगा? किसकी जिम्मेवारी है। भाजपा-जदयू सरकार में विकास कार्य में भ्रष्टाचार, अनियमितता चरम पर है।

माले नेता सुरेंद्र ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि नकारा मेयर, उपमेयर एवं आयुक्त से नगर निगम संभल नहीं रहा है, गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य असंभव-सा हो गया है और परिणाम क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में माले नेता ने  युद्ध स्तर पर नाला उड़ाही एवं नाला निर्माण करने, अधूरे नाले एवं सड़क को पूरा करने, स्लैब विहीन एवं टूटे नाले पर स्लैब डालने, कूड़ा उठाव, सफाई व्यवस्था का जायजा खुद जिलाधिकारी से लेने, योजनाओं एवं राशि उठाव की जांच एवं दोषियों पर कारवाई करने की मांग की है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article