16 फरवरी को बिहार शरीफ के सोगरा स्कूल में एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन
नालंदा के सोगरा कॉलेज में होगा आसा पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन, दोनों पार्टियां कार्यकर्ताओं को देगी चुनावी मूल मंत्र

डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा-बिहार शरीफ: आगामी रविवार 16 फरवरी, को नालंदा जिले का राजनीतिक माहौल गरम रहने वाला है। बिहार शरीफ के सोगरा स्कूल में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि सोगरा कॉलेज में आसा पार्टी अपना कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। दोनों दलों के लिए यह सम्मेलन काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह वर्ष चुनावी है और कार्यकर्ताओं को संगठित करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
एनडीए के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा, जेडीयू, लोजपा, हम और आरएलएम सहित पांच दलों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। गठबंधन के नेताओं का दावा है कि इस सम्मेलन में करीब 25,000 कार्यकर्ता जुटेंगे, जो आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण संदेश देगा। एनडीए नेताओं ने आसा पार्टी के सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी पार्टी से आसा पार्टी की कोई तुलना नहीं हो सकती।
वहीं आसा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रियदर्शी अशोक ने कहा कि एनडीए का एकमात्र चेहरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, लेकिन वर्तमान में उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सम्मेलन का आसा पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी 10,000 समर्थक जुटेंगे। कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे रामचंद्र प्रसाद सिंह की नई पार्टी भी रविवार को अपना कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने जा रही है।
ऐसे में यह दिन नालंदा जिले की राजनीति के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा, क्योंकि विभिन्न दल अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे और कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे।रविवार को नालंदा में होने वाले इन कार्यकर्ता सम्मेलनों पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी रहेंगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा दल कार्यकर्ताओं में अधिक जोश भरने में सफल रहता है और आगामी चुनावों की रणनीति को मजबूती से आगे बढ़ाता है।
डीएनबी भारत डेस्क