रमजान के पाक महीने में भाईचारे का पैगाम,देश में शांति और तरक्की की हुई दुआ
डीएनबी भारत डेस्क
बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के छज्जू मोहल्ला, वार्ड संख्या 13 में राष्ट्रीय जनता दल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आयशा फातिमा समाजसेवी यासिर इमाम की ओर से दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर मुस्लिम और गैर-मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

पवित्र रमजान माह के अवसर पर आयोजित इस दावत-ए-इफ्तार में रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोला और देश में अमन, शांति और तरक्की के लिए दुआ मांगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि रमजान का महीना आपसी प्रेम, भाईचारा और इंसानियत का पैगाम देता है।उन्होंने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब का देश है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर रहते हैं और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। वक्ताओं ने कहा कि कुछ नफरत फैलाने वाली ताकतें समाज में जहर घोलने की कोशिश करती हैं, लेकिन ऐसे लोग कभी कामयाब नहीं होंगे।
इस दौरान लोगों ने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर दुनिया में चिंता का माहौल है, लेकिन भारत में इसका कोई प्रत्यक्ष असर नहीं दिख रहा है। लोगों ने भरोसा जताया कि भारत सरकार वैश्विक हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।कार्यक्रम में सभी समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर देश में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
डीएनबी भारत डेस्क