राजद की सरकार बनी तो महिलाओं को 2500 रूपये मासिक दिए जाएंगे डॉ तनवीर हसन
डीएनबी भारत डेस्क

प्रखंड क्षेत्र के महेशपुर पंचायत के महेशपुर गांव स्थित काली स्थान के प्रांगण में शुक्रवार को गुदरी के लाल भारत रत्न बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जन नायक कर्पूरी ठाकुर के जयंती पखवाड़ा का आयोजन युवा राजद जिला उपाध्यक्ष दिलीप यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व मंच संचालन राजद के प्रखंड अध्यक्ष रणधीर वर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत लोक गायक जागेश्वर दास के क्रांतिकारी गीतों के द्वारा किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. तनवीर हसन विशिष्ट अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर, जिला अध्यक्ष मोहित यादव राजद युवा प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रूपेश यादव समेत उपस्थित पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया।
श्रद्धांजलि पखवाड़ा को संबोधित करते हुए डॉ तनवीर हसन ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर के साथ बिताए पल को याद करते हुए कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि युवावस्था में जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के सानिध्य में काम करने का अवसर मिला। कर्पूरी जी स्वभाव में महान संत एवं सादगी के प्रतीक थे। उन्होंने सातवीं से दसवीं तक की शिक्षा को निःशुल्क किया। जिससे गरीब, पिछड़े, दलित के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर सके। उन्होंने बिहार की वर्तमान जदयू-भाजपा की सरकार की नाकामियों को भी उजागर किया।
उन्होंने कहा कि बिहार की डबल इंजन की सरकार फेल हो चुकी है। नीतीश जी स्मृति लोप के शिकार हो चुके हैं। उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। इसलिए वे बराबर महिलाओं को लेकर ऊलजलूल टिप्पणी करते रहते हैं। उन्होंने आने वाले समय में ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की भी अपील की,और कहा कि अगर तेजस्वी यादव की सरकार बनती है तो माय-बहिन योजना के तहत बिहार की सभी महिलाओं को 2500 रुपए दिए जायेंगे।वही बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. उर्मिला ठाकुर ने कर्पूरी ठाकुर जी को याद करते हुए कहा कि दुनिया में जिन लोगों ने भी न्याय और सामाजिक बराबरी की लड़ाई लड़ी है, उन्हें काफी प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा है।
इसी बिहार में जब बिहार लेनिन जगदेव बाबू ने नारा दिया सौ में नब्बे शोषित है, नब्बे भाग हमारा है, तो बिहार के सामंतियो ने गोली मार कर उनकी हत्या कर दी। इसी तरह से कर्पूरी ठाकुर ने जब पिछड़े वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए आरक्षण दिया और उनके अधिकार एवं आत्मसम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाया तो उन्हें गालियाँ दी गईं और जगह-जगह अपमानित किया गया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बिहार के साथ धोखाधड़ी किया। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया है। लेकिन बिहार में जब तेजस्वी यादव सरकार में आए तो लाखों युवाओं को नौकरी दीं।
जाति-जनगणना जैसे परिवर्तनकारी काम को पूरा किया राजद के जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिन सामंती वर्गों के द्वारा आज आदरणीय लालू प्रसाद जी को गाली दिया जा रहा है, उसी के द्वारा जन नायक कर्पूरी ठाकुर को भी अपमानित किया गया था।आज वही लोग सत्ता में बैठे हैं और कर्पूरी जो को सम्मान देने का ढोंग कर रहे हैं। गरीब अतिपिछड़े समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। राजद युवा प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रूपेश यादव ने कहा कि आज बिहार में युवाओं पर हो रहे अत्याचार की मुखालफत करते हुए बिहार की सरकार तानाशाह हो चुकी है। वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है।
बीपीएससी के छात्र महीनों से पेपर लीक के खिलाफ़ लड़ रहे हैं। वे पुनः परीक्षा की माँग कर रहे हैं। लेकिन सरकार सकारात्मक कदम उठाने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यही युवा आने वाले विधानसभा चुनाव में जदयू भाजपा की सरकार को सबक सिखाएँगे और उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएँगे। इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के अपमान और भाजपा के संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ़ पूरे जिले में आमजन में बाबा साहब के संदेश को फैलाने के लिए ‘अम्बेडकर रथ’ को भी आगत अतिथियों के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के आयोजक राजद के युवा जिला उपाध्यक्ष दिलीप यादव ने किया। कार्यक्रम में राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. अशोक यादव, युवा जिलाध्यक्ष फैजुर्रहमान, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सहनी, जिला प्रधान महासचिव रामसखा महतो, पंचायत अध्यक्ष शंभू यादव, मो. मासूम खान, साहेब पासवान, प्रभात कुशवाहा, श्याम प्रसाद दास, अरुण यादव, सुनील यादव, उपेंद्र यादव, शिवकुमार यादव, कामेश्वर यादव, नीतीश कुमार, रामानंद यादव, विकास पासवान, योगेन्द्र महतो, श्रीमल राय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित थे।
डीएनबी भारत डेस्क