डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह चाकू की नोक पर लूट की घटना सामने आई है। एक महिला से बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने चाकू दिखाकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने रोसड़ा थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 5 बजे की है। वह अपने घर के पास पड़ोस के घर में फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। उसने पहले महिला से एक जगह का रास्ता पूछा।
आरोप है कि रास्ता पूछने के बाद वह व्यक्ति मोटरसाइकिल से उतरकर महिला के पास आ गया। उसने महिला के सामने चाकू निकालकर धमकाया। महिला घबरा गईं। इसी दौरान बदमाश ने उनके गले में पहना मंगलसूत्र छीन लिया। मंगलसूत्र में सोने का लॉकेट लगा हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि घटना के समय आसपास कोई और मौजूद नहीं था, जिसके कारण वह बदमाश का विरोध नहीं कर सकीं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर अपना छीना गया सामान वापस दिलाने की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़िता का आवेदन रोसड़ा थाने में प्राप्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाश की पहचान के प्रयास की बात कही जा रही है। सुबह-सुबह हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि सुबह टहलने और फूल तोड़ने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट