डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा, बेगूसराय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, बेगूसराय के निर्देशों के निर्देशानुसा 143-तेघड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ विशेष अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतिम प्रकाशन के उपरांत निर्वाचक सूची में शामिल होने से छूट गए पात्र निर्वाचकों तथा युवा एवं प्रथम बार पात्र निर्वाचकों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे तथा ऐसे पात्र निर्वाचकों की पहचान करेंगे, जो पूर्ववर्ती निर्वाचक सूची में शामिल थे, लेकिन वर्तमान निर्वाचक सूची में शामिल नहीं हैं। इसके अतिरिक्त, युवा एवं प्रथम बार पात्र निर्वाचकों की पहचान कर उन्हें निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार प्रपत्र-6 भरवाने की कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा नीरज सिंह ने कहा विशेष अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह 20 से 25 निर्वाचकों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान संबंधित निर्वाचक की वर्तमान स्थिति एवं पात्रता की जांच करते हुए आवश्यक विवरण संधारित किया जाएगा। प्रपत्र-6 के साथ निर्धारित एवं आवश्यक साक्ष्य संलग्न कराने तथा आवेदन को नियमानुसार पूर्ण करने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
बीएलओ पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने, सत्यापन की प्रगति की जांच करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि अभियान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र में वास्तविक सत्यापन के आधार पर पात्र निर्वाचकों की पहचान एवं पंजीकरण की कार्रवाई की जाए। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर से भी अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी।
निर्देशानुसार संपूर्ण विशेष अभियान एक माह के भीतर पूर्ण किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों का निष्पादन करने तथा निर्धारित प्रपत्र में अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अभियान की समाप्ति के उपरांत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित सूची साझा करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा नीरज सिंह ने कहा बैठक में स्पष्ट किया गया कि विशेष अभियान का उद्देश्य निर्वाचक सूची में शामिल होने से छूट गए पात्र नागरिकों तथा युवा एवं प्रथम बार पात्र निर्वाचकों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना है।सभी बीएलओ पर्यवेक्षक एवं मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारी अभियान को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
डीएनबी भारत डेस्क