पटना स्नातक चुनाव को लेकर NDA की बैठक,मतदाता सूची विवाद पर श्रवण कुमार का हमला, बोले- सबूत है तो जनता के सामने लाएं,ड्रामा और मनगढ़ंत कहानी गढ़ना ही काम रह गया।
डीएनबी भारत डेस्क
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नालंदा में एनडीए गठबंधन की चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को नालंदा विधानसभा क्षेत्र के वियावानी गांव में एनडीए की चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, एमएलसी रीना यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने सोनिया गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार में हाई वोल्टेज ड्रामा किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मतदाता सूची को लेकर भी बेबुनियाद बातें कही जा रही हैं। श्रवण कुमार ने कहा कि अगर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का कोई प्रमाण है तो उसे जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार और बंगाल की जनता ने ऐसे मुद्दों पर अपना जवाब दिया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि झारखंड, कर्नाटक और तमिलनाडु में विपक्ष की सरकार बनने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से महागठबंधन को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।
वहीं सोनिया गांधी की नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर श्रवण कुमार ने कहा कि संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी से बिहार की जनता से माफी मांगने की मांग की और कहा कि बिहार की जनता ऐसे बयानों को स्वीकार नहीं करेगी।
डीएनबी भारत डेस्क