डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा नयाटोला गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान खजरैठा नयाटोला निवासी गौरव कुमार (23 वर्ष) और अंकुल कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद अपराधियों ने दोनों युवकों पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को आनन-फानन में परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को लेकर बेगूसराय के एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज शुरू होते ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतक गौरव अपने परिवार का इकलौता बेटा था। इकलौते चिराग के बुझ जाने से माता-पिता की पूरी दुनिया ही उजड़ गई है। जिस बेटे के उज्ज्वल भविष्य और घर बसाने के सपने संजोए जा रहे थे, वहां अब केवल चीत्कार और मातम शेष है। वहीं, अंकुल की मौत से भी उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के दो होनहार युवकों की असमय मौत ने हर ग्रामीण को भीतर तक झकझोर कर रख दिया है।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि चाकूबाजी के वास्तविक कारणों और हमले में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की जा सके।
गांव में दोहरी मौत के बाद उपजे तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच चल रही है। फिलहाल दो घरों के चिराग बुझने से पूरे खजरैठा नयाटोला में सन्नाटा पसरा हुआ है।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट