नालंदा विश्वविद्यालय में किया भ्रमण।
डीएनबी भारत डेस्क
बिहार दौरे पर पहुंची संसद की स्थायी समिति के सदस्यों ने ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा किया। राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर सदस्यों का वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों ने परिसर का भ्रमण कर नालंदा के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान शैक्षणिक स्वरूप की जानकारी ली।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्राचीन काल में नालंदा की ख्याति पूरी दुनिया में थी और अब उसी प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति में 31 सदस्य हैं, जिनमें 26 सदस्य पहली बार नालंदा विश्वविद्यालय पहुंचे हैं।सदस्य सह कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने नालंदा दौरे को शानदार अनुभव बताते हुए कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति और विरासत की वैश्विक स्तर पर बेहतर ब्रांडिंग होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार के गौरव को दुनिया तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।वहीं संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि राजगीर और नालंदा को पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि करीब 800 साल बाद नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से जीवंत किया गया है।
सांसद सह सदस्य राजीव प्रताप रूढ़ि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने नीतीश कुमार की सोच और प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर नया मानक स्थापित करेगा।
डीएनबी भारत डेस्क