डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय के फूलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बरौनी के शोकाहारा सब्ज़ी मंडी स्थित सोमवार की शाम एक युवक ने एक नाबालिग़ बच्चे को गर्दन पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन फानन घायल बच्चे को इलाज हेतु स्थानीय अस्पताल के गए जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही फूलवड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुँच गई और कार्रवाई व जाँच में जुट गई.

मृतक नाबालिग बच्चे की पहचान शोकाहारा रौशन टोला वार्ड 16, नगर परिषद बरौनी निवासी मो अफ़ज़ल का करीब 13 वर्षीय पुत्र मो फैज़ान के रूप में हुई है. वही घटना को अंजाम देने वाले युवक भी शोकहारा रौशन टोला निवासी स्वर्गीय मो खखरु का पुत्र मो आशिक के रूप में बताया गया है. घटना को क्यों और किस कारण से अंजाम दिया गया है इस बात का खुलासा नहीं हो पाया था. लोगों के बीच कई तरह की चर्चा हो रही थी. हक़ीक़त में घटना को क्यों अंजाम दिया गया है इसका खुलासा थाना में आवेदन देने व पुलिस जाँच के बाद ही सामने आएगा.

हालांकि लोगों ने मृतक के शव के साथ सड़क जाम करने की कोशिश की गई लेकिन थानाध्यक्ष फूलवाड़िया विजय सहनी, कॉंग्रेस नेता सुबोध प्रसाद सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनीष कुमार, मो मुन्ना, पूर्व मुखिया गुजो सिंह समेत अन्य स्थानीय समाजसेवीयों के द्वारा समझाने बुझाने के बाद सड़क जाम को हटाया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में कर कागज़ी कार्रवाई करते हुए शव को बेगूसराय भेज दिया. अब पूरी घटना कैसे और क्यों की गई है इस बात का खुलासा पुलिस जाँच के बाद ही सामने आएगा. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख व पुकार से पूरा माहौल ग़मगीन बना रहा.
वही शव को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ लगी रही. लोगों ने कहा कि भीड़ भाड़ वाले जगह पर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया इस बात से ऐसा लगता है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस प्रशासन और कानून का कोई डर और ख़ौफ़ नहीं है. मृतक के पिता मो अफ़ज़ल ने बताया कि उसे तीन पुत्र और तीन पुत्री है. मृतक मो फैज़ान उसका बड़ा बेटा था. मो अफ़ज़ल ने बताया कि वह मज़दूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है.
थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है साथ ही घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ़्तारी हेतु छापेमारी शुरू कर दी गई है. वहीं घटना को लेकर मृतक के परिवार द्वारा आवेदन देने की प्रक्रिया की जा रही थी.
डीएनबी भारत डेस्क