डीएनबी भारत डेस्क
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेगूसराय में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कृष्णा नगर, वार्ड संख्या-23 में छापेमारी कर भारी मात्रा में कोडीन सिरप के साथ शराब और बीयर बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

आपको बताते चले कि बेगूसराय नगर थाना पुलिस को कृष्णा नगर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वार्ड संख्या-23 में छापेमारी की और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इटवा निवासी रजनीश झा और वासुदेवपुर निवासी दिवाकर कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 31 पेटी कोडीन सिरप, 21.63 लीटर ऑफिसर्स चॉइस शराब, 9 लीटर बीयर और एक स्कूटी बरामद की है।भारी मात्रा में कोडीन सिरप की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोडीन सिरप और शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस को शक है कि इस कारोबार के पीछे एक बड़ा सप्लाई नेटवर्क हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डीएनबी भारत डेस्क