डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, दादूपुर के प्रधानाध्यापक रविन्द्र कुमार रवि को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर विद्यालय स्थानांतरण प्रमाण पत्र निर्गत करने के एवज में अभिभावकों और छात्रों से अवैध रूप से पैसा लेने का गंभीर आरोप है।

पैसा लेते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हुआ था, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी बेगूसराय ने अपने पत्रांक 1642 दिनांक 18.05.2026 द्वारा प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई और निलंबन की अनुशंसा की थी। इस रिपोर्ट के आधार पर कार्यालय क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, मुंगेर प्रमंडल के ज्ञापांक 370 दिनांक 21/05/2026 के तहत यह निलंबन आदेश जारी किया गया है।
आदेश पत्र के अनुसार प्रधानाध्यापक पर लगाया गया आरोप बेहद गंभीर है। उन्हें बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के नियम 09 के तहत निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन किया गया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी बेगूसराय का कार्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रधानाध्यापक रविन्द्र कुमार रवि के विरुद्ध लगे आरोपों की विस्तृत जांच के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
जांच संचालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे प्रपत्र क एवं साक्ष्यों के आधार पर इस विभागीय कार्रवाई को विधिवत रूप से संचालित करें और अगले 45 दिनों के अंदर अपनी विस्तृत जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस कार्रवाई से प्रखंड के अन्य लापरवाह कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट