मार्च-पास्ट, झांकी, गीत-संगीत एवं रोमांचक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
डीएनबी भारत डेस्क

तेघड़ा। संत पॉल पब्लिक स्कूल, तेघड़ा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और उमंग के बीच धूमधाम से मनाया गया। संत पॉल एजुकेशनल सोसायटी की अध्यक्षा एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती लक्ष्मी कुमारी, विद्यालय के प्रबंधक श्री सुनील कुमार सिंह, प्राचार्या श्रीमती तनु सौरभ, विशिष्ट अतिथि एवं सेंट पॉल एजुकेशनल सोसाइटी के मानद सदस्य श्री हरे राम राय एवं श्री संजय राय तथा विद्यालय के समन्वयक श्री राम कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के उपरांत पीटीआई शिक्षक श्री सोमनाथ मांझी के नेतृत्व में हर्ष एवं उनकी टीम ने शानदार मार्च-पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति से ओत-प्रोत इस दृश्य ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच का संचालन छात्र अभिनव, हर्षवर्धन तथा छात्राओं हर्षिता, मोना एवं नाव्या ने प्रभावशाली ढंग से किया। वाद्ययंत्र की जिम्मेदारी अर्पित और इसके ग्रुप ने बखूबी सम्भाला I
समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। सीसीए सदस्य एवं लाइब्रेरियन काजल कुमारी के नेतृत्व में आयुषी एवं सृष्टि की टीम ने ‘झांसी की रानी लक्ष्मीबाई’ का प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया। खुशी एवं टीम ने ‘हिन्दुस्तान जिंदाबाद’, जबकि मानस एवं टीम ने ‘मेरा कर्मा तू’ की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
ब्यूटी एवं मीठी कुमारी के निर्देशन में कीर्ति, रिया एवं वैष्णवी की टीम ने ‘इतिहास का मैं आईना हूँ’ तथा ‘ओ देश मेरे’ गीत, नृत्य एवं आकर्षक झांकी के माध्यम से देशभक्ति का अद्भुत वातावरण बनाया। वहीं संगीत शिक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में स्वाति एवं टीम द्वारा प्रस्तुत ‘सुजलाम् सुफलाम्’ ने कार्यक्रम में संगीत की मधुरता घोल दी।
पीटीआई शिक्षक श्री सोमनाथ मांझी के नेतृत्व में युवराज एवं उनकी टीम ने पिरामिड, नृत्य एवं युद्ध क्षेत्र की रोमांचक प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती तनु सौरभ ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा, “आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब देश के प्रत्येक नागरिक को उचित शिक्षा और संस्कार का अवसर मिले।” उन्होंने कहा कि भारत आज प्रगति के जिस पथ पर अग्रसर है, उस पर पूरी दुनिया की नजर है। विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय के प्रबंधक श्री सुनील कुमार सिंह ने सत्र 2025-26 में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय निरंतर नई पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि “वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य और बदलती तकनीकी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में एआई एवं रोबोटिक्स लैब की स्थापना की गई है। इससे हमारे विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीक, नवाचार एवं रचनात्मकता में दक्ष बनेंगे और भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे।”
उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह सकता। समय की मांग है कि बच्चों में ज्ञान के साथ कौशल, तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो। विद्यालय इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह का समापन विद्यालय के समन्वयक श्री राम कुमार मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार सिंह, संजीत कुमार, भीम कुमार, संजीव कुमार सिंह, श्री राकेश कुमार, अविनाश कुमार, दीपक कुमार, पी.के. पवन, कंचन कुमारी, प्रेम माधुरी, राम पुनीत राय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डीएनबी भारत डेस्क